अंडर 19 महिला क्रिकेट विश्वकप 2023 की विजेता रही भारतीय टीम की सदस्य फिरोजाबाद जनपद के राजा का ताल ग्राम निवासी कु. सोनम यादव जब से अपने गांव वापस लौटी हैं, तभी से लगातार फिरोजाबाद में अनेक कार्यक्रमों में उनका सम्मान किया जा रहा है।

अनेक प्रतिष्ठित लोग तथा संस्थाओं ने उनके घर पर जाकर भी उन्हें सम्मानित किया है। इसी शृंखला में फिरोजाबाद जनपद की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था प्रज्ञा हिंदी सेवार्थ संस्थान ट्रस्ट द्वारा सोनम यादव को 11 हजार रुपए का चैक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

ऐसा पहली बार हुआ, जब सोनम यादव को सम्मान में चैक के अलावा माल, शॉल, मोमेंटो, गुलदस्ता आदि कुछ भी भेंट नहीं किया गया। ट्रस्ट के प्रबंधक सचिव कृष्ण कुमार कनक का कहना है कि सम्मान में जो कुछ भी मिलता है, वहीं कलाकार को ऊर्जा देता है, किंतु सोनम यादव को अभी क्रिकेट के क्षेत्र में लम्बी यात्रा तय करनी है अतः उन्हें तकनीकी माध्यमों, आवश्यक संसाधनों, उपकरणों आदि की भी आवश्यकता है, इसलिए उन्हें आज आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान करनी होगी।

ट्रस्ट अध्यक्ष एवं सुप्रसिद्ध गीतकार यशपाल यश ने कहा कि हमारे ट्रस्ट ने बहुत छोटी सी राशि प्रदान कर आर्थिक सहयोग की शुरुआत की है, ताकि इससे प्रेरित होकर अन्य लोग तथा सामर्थ्यवान सरकारी व गैर सरकारी संस्थाएं भी सोनम को आर्थिक रूप से मजबूत करने हेतु आगे आएं। ट्रस्ट के सचिव गौरव चौहान तथा वित्त सचिव सचिन बघेल ने कहा कि हमारी संस्था हिंदी भाषा और साहित्य की सेवा के लिए है परंतु हम तो केवल अभिप्रेरक का काम करने हेतु ही सोनम यादव को सम्मानित कर रहे हैं।


इस अवसर पर ट्रस्ट के अन्य सदस्यों में राघवेन्द्र पाल सिंह जादौन, पूरन चंद गुप्ता, आकाश यादव, रजत यादव आदि उपस्थित रहे।