लखनऊ, जुमे की नमाज के बाद सड़क पर मनमानी करने वाले उपद्रवियों की खैर नहीं है। शनिवार को पुलिस-प्रशासन के एक्शन से यह साफ हो गया। एक तरफ कानपुर और सहारनपुर में उपद्रवियों के भवनों पर बुलडोजर गरजा, तो दूसरी ओर प्रयागराज में बवाल काटने वाले बिजली बिल बकाएदारों के साथ अवैध निर्माण कराने वाले चिह्नित किए गए।
प्रदेश भर में ताबड़तोड़ गिरफ्तारियों का सिलसिला जारी रहा। पत्थरबाजों और दंगाइयों पर रासुका भी लगाने की तैयारी है। पुलिस मुख्यालय की विज्ञप्ति के मुताबिक, अब तक नौ जिलों में 13 एफआइआर दर्ज करते हुए कुल 255 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है।
कानपुर में सबसे पहले तीन जून को नमाज के बाद उपद्रव हुआ था। प्रकरण में शनिवार सुबह कानपुर विकास प्राधिकरण का बुलडोजर चला और उपद्रव के मास्टरमाइंड हयात जफर हाशमी के रिश्तेदार मोहम्मद इश्तियाक की अवैध बनी बिल्डिंग ध्वस्त हो गई। इसके निर्माण में हयात जफर हाशमी के साथ उपद्रव की साजिश में शामिल एक बिल्डर का पैसा लगा था।
उधर, सहारनपुर में जुमे की नमाज के बाद घंटाघर, नेहरू मार्केट और मोरगंज में बवाल करने वाले 54 आरोपितों को पुलिस ने दबोचने के बाद फरार चल रहे दो आरोपितों के घरों पर शनिवार सुबह बुलडोजर चलवा दिया।
प्रयागराज में बवाल के दूसरे दिन अटाला, नुरुल्लाह रोड, करेली, चौक आदि इलाकों में कफ्र्यू सा माहौल दिखा। उपद्रव की आशंका पर पुलिस, पीएसी और आरएएफ तैनात रही। यहां हुए उपद्रव में 70 नामजद और 5000 अज्ञात पर एफआइआर दर्ज की जा चुकी है।
शनिवार शाम तक पुलिस ने 70 नामजद उपद्रवियों की गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि मास्टरमाइंड जावेद पंप की जेएनयू में पढऩे वाली बेटी की संलिप्तता भी मिली है। उसे पकडऩे के लिए दिल्ली पुलिस की मदद ली जाएगी। दोपहर में प्रयागराज विकास प्राधिकरण के अधिकारी भी अटाला पहुंचे। ऐसे अवैध तरीके से निर्मित भवनों को चिह्नित किया। इन्हें बुलडोजर से ढहाने की कार्रवाई कभी भी हो सकती है। उपद्रव वाले इलाकों के बिजली बकाएदारों की सूची भी बनाई गई है। इनका कनेक्शन काटने की तैयारी है।
हाथरस के पुरदिलनगर में सौ से अधिक पत्थरबाजों के खिलाफ शुक्रवार देर रात मामला दर्ज किया गया। शनिवार शाम तक पुलिस ने 50 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया। अलीगढ़ के कौडिय़ागंज में बिना अनुमति जुलूस निकालने के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार तीन लोगों को शनिवार को जेल भेज दिया गया। यहां अन्य उपद्रवियों को भी चिह्नित करने में पुलिस जुटी हुई है।
मुरादाबाद में शनिवार सुबह तक पुलिस 25 उपद्रवियों को गिरफ्तार करने में सफल रही। यहां मुगलपुरा थाने में 90 आरोपितोंके खिलाफ बलवा, लोक सेवक के कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
फिरोजाबाद में पुलिस ने सात नामजद और 80-90 अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। अंबेडकरनगर के टांडा में पुलिस ने 36 नामजद व 30-35 अज्ञात के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर 28 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
एक रुपये में गिरफ्तार आरोपितों की पैरवी : सहारनपुर में आल इंडिया माइनारिटी एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन के वकीलों ने बलवे के आरोपितों का केस एक रुपये में लडऩे का एलान किया है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद अली ने कहा कि पुलिस ने निर्दोष लोगों को भी गिरफ्तार किया है। कहा कि एसोसिएशन ने वकीलों का एक पैनल बनाया है, जो एक रुपये में गिरफ्तार आरोपितों की पैरवी करेगी।
साजिश के पीछे पीएफआइ की भूमिका पर नजर : बिजनौर में पापुलर फ्रंट आफ इंडिया (पीएफआइ) को लेकर पुलिस एक बार फिर सतर्क हो गई है। पहले भी जिले में पीएफआइ के सदस्यों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गुरुवार रात सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी आफ इंडिया (एसडीपीआइ) के जिलाध्यक्ष समेत चार लोगों की गिरफ्तारी हुई। बताया जा रहा है कि एसडीपीआइ भी पीएफआइ की विंग है, इसलिए पुलिस अधिक सतर्क है।
गोरखपुर, प्रयागराज और बरेली में माहौल बिगाडऩे की कोशिशें : प्रयागराज के शिवकुटी थाना अंतर्गत कोटेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग पर शनिवार सुबह अंडा रखा मिला। अराजकतत्वों ने शुक्रवार रात यह हरकत करके अशांति फैलाने की कोशिश की, लेकिन मंदिर प्रबंधन ने सूझबूझ दिखाई और गुस्साए लोगों को शांत करा दिया।
गोरखपुर में शुक्रवार रात बुर्कानशी अज्ञात महिला ने एक कार में आग लगा दी। उसकी हरकत सीसी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस जांच में जुटी है। बरेली के मुस्लिम बहुल हरहरपुर मटकली गांव के जंगल में बनी सैयद बाबा की मजार किसी ने तोड़ दी। दोपहर को ग्रामीणों की निगाह पड़ी तो प्रदर्शन होने लगा। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत किया और मजार की मरम्मत कराई।
इस पोस्ट को अच्छे से पढ़ने के लिए हमारी एंड्राइड ऐप का इस्तेमाल करें ऐप डाउनलोड करें