फ़िरोज़ाबाद :- महिला सफाईकर्मी को बोलेरो ने मारी टक्कर हादसे में हुई मौत, पति घायल

फिरोजाबाद। रोज की तरह ड्यूटी करने जा रही स्कूटी सवार एक महिला सफाईकर्मी को बोलेरो ने टक्कर मार दी। स्कूटी पर पति भी सवार थे। दोनों घायल हो गए। महिला सफाईकर्मी की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
सपना देवी (50) निवासी कौशल्या नगर थाना उत्तर की निवासी थी। नगर निगम में सफाईकर्मी के पद कार्यरत महिला सपना देवी रोज की तरह अपने पति प्रकाश चंद के साथ ड्यूटी करने जा रही थी। जैसे ही स्कूटी सवार महिला सफाईकर्मी नई बस्ती चौराहे के समीप पहुंची। वैसे ही सामने से आई एक तेजगति बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सपना देवी और प्रकाश चंद को गंभीर चोटें आईं। शनिवार की सुबह करीब चार बजे हादसा के दौरान सड़कें सुनसान होने के कारण दंपती काफी देर तक मौके पर ही घायल अवस्था में पड़े रहे। बाद में मौके पर पहुंचे घायलों के परिजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर आए। जहां जिला अस्पताल में उपचार के दौरान महिला सफाईकर्मी की मौत हो गई। पति प्रकाश चंद का गंभीर अवस्था में  जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। थाना दक्षिण पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजन के सुपुर्द कर दिया। एसओ दक्षिण राजेश पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है।